Drinking Urine Health Risks: बॉलीवुड एक्टर परेश रावल ने हाल ही में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने अपना ही पेशाब पीकर खुद को ठीक किया था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जोरदार बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे घरेलू इलाज बता रहे हैं तो कुछ इसे सेहत के लिए खतरनाक मान रहे हैं। लेकिन क्या वाकई पेशाब पीना फायदेमंद है या यह सेहत के लिए खतरा बन सकता है? आइए जानते हैं इसका सही जवाब।
परेश रावल का खुलासा
परेश रावल ने एक इंटरव्यू में बताया कि घुटने की चोट से उबरने के लिए उन्होंने लगातार 15 दिन तक अपना पेशाब पिया। दरअसल, मुंबई के मछली बाजार में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके घुटने में गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां अजय देवगन के पिता वीरू देवगन उनसे मिलने आए और पेशाब पीने की सलाह दी, ताकि वह जल्दी ठीक हो सकें। परेश रावल ने उनकी सलाह मानी और उनका दावा है कि इससे वह तेजी से स्वस्थ हो गए।
क्या पेशाब पीना सेहत के लिए सुरक्षित है?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पेशाब शरीर का अपशिष्ट पदार्थ होता है जिसमें यूरिया, विषैले तत्व और अन्य बेकार चीजें शामिल होती हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से पेशाब पीना सेहत के लिए फायदेमंद नहीं है। उल्टा, इससे शरीर में कई तरह के संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
पेशाब पीने से होने वाले खतरे
- संक्रमण का खतरा:
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि पेशाब में मौजूद बैक्टीरिया शरीर में दोबारा प्रवेश कर सकते हैं, जिससे पेट और यूरिनरी ट्रैक्ट (मूत्र मार्ग) में गंभीर इंफेक्शन हो सकता है। इसलिए हेल्थ के लिहाज से पेशाब पीने से बचना चाहिए।
- 2. किडनी पर असर
- जब पेशाब में मौजूद विषैले तत्व (टॉक्सिन्स) दोबारा शरीर में पहुंचते हैं, तो किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। किडनी को इन गंदे तत्वों को फिर से फिल्टर करना पड़ता है, जिससे उसकी कार्यक्षमता पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है और गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।
- 3. डिहाइड्रेशन का खतरा
- पेशाब में नमक और वेस्ट मैटेरियल की मात्रा अधिक होती है। इसे पीने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन हो सकता है। इससे शरीर में पानी का संतुलन बिगड़ सकता है और स्वास्थ्य समस्याएं गंभीर हो सकती हैं।
- 4. पेट से जुड़ी समस्याएं
- हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, पेशाब पीने से पेट की सेहत पर भी बुरा असर पड़ सकता है। इससे उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से पेट से जुड़ी अन्य गंभीर परेशानियां भी हो सकती हैं।
क्या पेशाब पीने से कोई बीमारी ठीक हो सकती है?
कुछ प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों में पेशाब पीने को इलाज का हिस्सा माना गया है, जिसे ‘ऑटो यूरिन थेरेपी’ कहा जाता है। हालांकि, आज की आधुनिक मेडिकल साइंस में पेशाब पीने के फायदों को लेकर कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं है। डॉक्टर भी इस पद्धति को अपनाने की सलाह नहीं देते हैं। यदि आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो सबसे सही तरीका यह है कि आप तुरंत किसी योग्य डॉक्टर से सलाह लें। इंटरनेट पर फैली जानकारियों या किसी के व्यक्तिगत दावों के आधार पर ऐसे कदम उठाना आपकी सेहत के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
यह भी पढ़ें : मई में सिनेमाघरों में लगेगा एंटरटेनमेंट का तड़का आ रही हैं ‘रेड 2